Pages

Pages

पंजाब में प्रचंड ठंड का कहर जारी- स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी

चंड़ीगड़-प्राइम पंजाब
पंजाब में प्रचंड ठंड का सितम जारी है। आगे भी लोगों को ्जलदी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी (सलाह) जारी की है। विभाग ने कहा कि जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। पंजाब में शीतलहर व घने कोहरे का कहर जारी है। कई दिनों से धूप न निकलने के कारण शुक्रवार को अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और बठिंडा में दिन का पारा सामान्य से 10.3 डिग्री तक नीचे पहुंच गया। शुक्रवार को पंजाब में गुरदासपुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आजदिन में बठिंडा का तापमान राज्य में सबसे कम रहा। यहां का अधिकतम तापमान 10.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 10.3 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया, जबकि रात को न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ती ठंड के बीच सरकार ने राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 14 जनवरी तक छुट्टियां घोषित कर दी हैं। आंगनबाड़ी वर्करों को तीन से छह साल के बच्चों को छुट्टी के दौरान घर तक राशन पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार क्षेत्र में 10 जनवरी तक धूप नहीं निकलने के आसार हैं, ऐसे में तापमान में और गिरावट हो सकती है।
सेहत विभाग ने जारी की सलाह
सेहत विभाग ने ठंड को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकला जाए। साथ ही संतुलित खुराक का सेवन करें। शीतलहर से बचने के लिए तीन परतों में गर्म कपड़े पहनें। शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए समय-समय पर गुनगुना पानी पीते रहें। हादसों से बचने के लिए गैरजरूरी यात्राओं से भी बचने की सलाह दी गई है।हरियाणा में शुक्रवार को कोल्ड डे की स्थिति रही, जिससे लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आठ जनवरी से मौसम में बदलाव आएगा, जिससे ठंड में भी थोड़ी राहत मिलेगी। शुक्रवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा और कोल्ड डे की स्थिति रही। इस दौरान प्रदेश में दिन के तापमान 9 से 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। 10 जनवरी तक प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी होगी।