विधायक रमन अरोड़ा ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया

लड़कों की टीम ने हरियाणा को 5-0 से और लड़कियों की टीम ने महाराष्ट्र को 3-0 से हराया

जालन्धर-मनवीर सिंह वालिया
जालंधर में चल रही नैशनल स्कूल गेम्स हॉकी (अंडर-19) के पांचवें दिन आज मेजबान पंजाब की टीमों ने हरियाणा और महाराष्ट्र की टीमों को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

इस मौके पर विधायक रमन अरोड़ा मुख्य अतिथि के तौर पर सुरजीत हॉकी स्टेडियम पहुंचे और सेमीफाइनल खेलने वाली टीमों से मुलाकात की और उन्हें बढिया भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (सेकैंडरी शिक्षा) डा. कुलतरणजीत सिंह भी मौजूद थे।

आज खेले गए लड़कों के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में पंजाब ने झारखंड को 6-2 से, हरियाणा ने गुजरात को 6-0 से, ओडिशा ने मध्य प्रदेश को 5-0 से और उत्तर प्रदेश ने पश्चिम बंगाल को 4-0 से हराया। लड़कियों के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में पंजाब ने झारखंड को 2-1 से, मध्य प्रदेश ने उत्तर प्रदेश को 3-0 से, हिमाचल प्रदेश ने महाराष्ट्र को 3-2 से और ओडिशा ने हरियाणा को 2-0 से हराया।

लड़कों के सेमीफाइनल मुकाबलों में पंजाब ने हरियाणा को 5-0 से उत्तर प्रदेश ने ओडिशा को 3-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं लड़कियों के सेमीफाइनल मुकाबलों में मेजबान पंजाब ने महाराष्ट्र को 3-0 से और मध्य प्रदेश ने ओडिशा को 1-0 से हराया।

उप जिला शिक्षा अधिकारी (सेकैंडरी शिक्षा) राजीव जोशी ने बताया कि कल के फाइनल में पंजाब की लड़कों की टीम उत्तर प्रदेश के खिलाफ और लड़कियों की टीम मध्य प्रदेश के खिलाफ सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेलेगी।

डी.एम. स्पोर्ट्स इकबाल सिंह रंधावा ने कहा कि हरियाणा और ओडिशा की लड़कों की टीमें पीएपी हाकी ग्राउंड में और ओडिशा, महाराष्ट्र की लड़कियों की टीमें बीएसएफ हाकी ग्राउंड में तीसरे स्थान के लिए मुकाबला करेंगी।

इस अवसर पर पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी गुरशरण सिंह, प्रिं. भूपिंदर पाल सिंह, अनिल कुमार अवस्थी, राजीव हांडा, शशि कुमार और हैडमास्टर हरबिंदर पाल भी मौजूद थे।