Pages

Pages

जालंधर में ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पिता ने की आत्महत्या, बेटे को झूठे NDPS केस से बचाने के नाम पर ठगे थे 50 हजार; परिवार बोला- गिरफ्तारी तक नहीं करेंगे संस्कार।

जालंधर, 26 आगस्त : Prime Punjab 

जालंधर के थाना-7 के अधीन गांव सुभाना में 40-45 वर्षीय विजय कुमार ने फंदा लगाकर जान दे दी। विजय मंडी में खाना सप्लाई का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक वह 3-4 दिन से बेहद तनाव में थे और मौत से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर अपनी परेशानी बताई है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।

 

परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले क्राइम ब्रांच ने उनके बेटे सन्नी को हिरासत में लेकर उस पर NDPS का झूठा केस दर्ज किया था। इसी केस को खत्म कराने और मौके पर जमानत दिलाने का झांसा देकर इलाके के ही तीन लोगों – सन्नी (सीए), सुक्खा और मेशी ने परिवार से 50 हजार रुपये ले लिए। मृतक की पत्नी रीतू और बेटे सन्नी ने बताया कि पैसे देने के बाद भी लगातार धमकियां मिल रही थीं।

 

इसी ब्लैकमेलिंग और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियों से तंग आकर विजय ने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार करते हुए चेतावनी दी है कि जब तक वीडियो में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। गांव में तनाव का माहौल है।

 

वहीं इस मामले पर ADCP City-2 माधवी शर्मा ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल गई है और हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है। वीडियो की भी जांच की जा रही है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।