Pages

Pages

जालंधर के लसूड़ी मोहल्ले में दिन-दहाड़े बुजुर्ग महिला से स्नेचिंग, घुटनों में आई चोट – 4 घंटे तक नहीं पहुंची पुलिस।

जालंधर 07 सितंबर : prime punjab 

जालंधर वेस्ट हलके में चोरी और स्नेचिंग की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला थाना डिवीजन नंबर 5 के अधीन आते लसूड़ी मोहल्ले का है, जहां आज सुबह करीब 8 बजे सैर पर निकली एक बीमार बुजुर्ग महिला से बाइक सवार 2 युवकों ने कान की बालियां छीन लीं। आरोपियों ने महिला को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसके घुटनों में चोटें आई हैं। 

 

पीड़िता बचनो ने बताया कि वह बीमार होने के चलते सैर करने निकली थी। बाइक सवार दो युवकों ने पहले उसे साइड में होकर चलने को कहा और फिर वापस आकर एक ने धक्का दिया जबकि दूसरे ने कान से बालियां छीन लीं। दोनों के मुंह ढके हुए थे। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इलाके में दिन में भी चलना सुरक्षित नहीं रहा। बीते दिन भी इसी इलाके में 2 स्नेचिंग की वारदातें हुई थीं, जिसमें एक रेहड़ी वाले और एक ऑटो चालक को निशाना बनाया गया था।

 

स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। इलाके के एक व्यक्ति ने बताया कि सुबह 8 बजे की घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी, लेकिन 3 से 4 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई पुलिसकर्मी मौके पर जायजा लेने नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि पुलिस की ढीली कारगुजारी के कारण ही स्नेचरों के हौसले बुलंद हैं।

 

वहीं इस मामले पर एसीपी अतिश भाटिया ने वीडियो जारी कर बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही स्नेचिंग की घटना का संज्ञान लिया गया है। थाना डिवीजन नंबर 5 में तुरंत मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।