Pages

Pages

₹348 करोड़ के CLU घोटाले में ED दफ्तर पहुंचे पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा, हाथ में फाइल लेकर हुए पेश।

जालंधर, 9 सितंबर : Prime Punjab 

पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव और मौजूदा एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (रेवेन्यू) अनुराग वर्मा आज मोहाली स्थित ED दफ्तर में पेश हुए। ईडी ने उन्हें CLU (चेंज ऑफ लैंड यूज) घोटाले से जुड़े दस्तावेजों के साथ तलब किया था। अनुराग वर्मा सुबह 11:07 बजे हाथ में फाइल लेकर ईडी दफ्तर पहुंचे और सीधे अंदर चले गए, जहां उनसे पूछताछ चल रही है।

 

यह मामला मोहाली के बड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स – ‘सनटेक सिटी’ और ‘अल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड’ में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। ईडी करीब ₹348 करोड़ के इस घोटाले और इससे जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। जब ये कथित अनियमितताएं हुईं, तब अनुराग वर्मा हाउसिंग और अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के प्रमुख थे, इसी वजह से उनसे पूछताछ जरूरी मानी जा रही है।

अनुराग वर्मा को इससे पहले दो बार समन भेजा गया था। पहला समन 31 अगस्त और दूसरा 7 सितंबर को पेश होने के लिए था, लेकिन दोनों बार वे जरूरी सरकारी दस्तावेज इकट्ठा करने का हवाला देकर समय मांगते रहे। इसके बाद ईडी ने तीसरी बार 9 सितंबर का समन जारी किया, जिसके बाद आज वे पेश हुए हैं।

 

यह केस मूल रूप से विजिलेंस ब्यूरो की FIR पर आधारित है, जिसमें आरोप है कि CLU अप्रूवल के बदले बड़े पैमाने पर रिश्वत ली गई। ईडी ने इस मामले में पहले ही कई बिल्डरों के ठिकानों पर छापेमारी कर कई अहम दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए हैं। अब ईडी यह पता लगा रही है कि क्या CLU की फाइलों में तय नियमों को दरकिनार किया गया था।