Pages

Pages

LPU में हुई हिंसा पर भावुक हुईं प्रो-चांसलर रश्मि मित्तल, बोलीं – “बच्चों ने एक अफवाह पर भरोसा कर लिया, हम परिवार हैं”।

फगवाड़ा, 28 सितंबर : Prime Punjab 

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार और रविवार को हुई हिंसक घटना और तोड़फोड़ पर विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर डॉ. रश्मि मित्तल ने छात्रों के नाम भावुक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें बहुत दुख पहुंचा है, क्योंकि LPU और छात्रों के बीच का रिश्ता परिवार जैसा है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी छात्रों की क्षमता पर पूरा भरोसा करती है, इसका सबूत कैंपस की 400 छात्र संगठन हैं जिनमें करीब 4,000 छात्र इंडक्शन से लेकर कॉन्वोकेशन तक के सभी कार्यक्रम खुद संभालते हैं।

 

प्रो-चांसलर ने कहा कि छात्रों ने सोशल मीडिया पर फैली एक अफवाह पर आंख बंद करके भरोसा कर लिया और यूनिवर्सिटी के पास मौजूद कई चैनलों का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने याद दिलाया कि छात्रों की समस्याओं के लिए स्टूडेंट रिलेशनशिप डिवीजन, RMS ऑनलाइन पोर्टल और हर मंगलवार-शुक्रवार को होने वाली उनकी खुद की मीटिंग जैसे कई मंच हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई समस्या थी तो छात्रों ने उसे सीधे प्रशासन के सामने क्यों नहीं रखा।

 

वीडियो में उन्होंने खुलासा किया कि इस भीड़ में कुछ बाहरी असामाजिक तत्व भी शामिल हो गए थे, जिन्होंने कैंपस में दुकानों को लूटा और तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि उनके अपने बच्चे ही ऐसा कर रहे हैं, यह देखना उनके लिए सबसे ज्यादा दर्दनाक था। साथ ही उन्होंने उन छात्रों का आभार जताया जिन्होंने सोशल मीडिया पर आकर अफवाहों का खंडन किया और फर्स्ट ईयर के मासूम छात्रों को सही जानकारी देकर गुमराह होने से बचाया।

 

छात्रों की सुरक्षा को सबसे अहम बताते हुए प्रो-चांसलर ने अपील की है कि वे सोशल मीडिया पोस्ट देखकर फैसला न लें और अपने विवेक का इस्तेमाल करें। उन्होंने बताया कि घटना के कारण शनिवार को आने वाली एक बड़ी कंपनी की प्लेसमेंट ड्राइव को स्थगित करना पड़ा, जिससे छात्रों का ही नुकसान हुआ। फिलहाल विश्वविद्यालय ने छात्रों को सामान्य होने के लिए 10 दिन की छुट्टी दी है, जिसके बाद मिड-टर्म परीक्षाएं होंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाहरी लोगों पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है और यूनिवर्सिटी हमेशा छात्रों के साथ खड़ी है।