Pages

Pages

जालंधर में खून से सना घर: पत्नी और पिता का बेरहमी से कत्ल, आरोपी फरार।

जालंधर, 11 अगस्त : Prime Punjab 

जालंधर के अवतार नगर की गली नंबर 7 में मंगलवार को डबल मर्डर की वारदात सामने आई। 42 वर्षीय हीरा लाल ने घरेलू विवाद के बाद पत्नी सविता और पिता अयोध्या प्रकाश की घरेलू सामान से मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। 30 सालों से यहां रह रहे इस प्रवासी परिवार की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

 

पुलिस के अनुसार घटना तब उजागर हुई जब हीरा लाल के 4 बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटे। उन्होंने घर में मां और दादा को खून से लथपथ पड़ा देखा और शोर मचाया। सूचना मिलते ही एडीसीपी राकेश यादव और एसीपी आतिश भाटिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

एडीसीपी राकेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि हीरा लाल नशे का आदी था। बच्चों के स्कूल जाने के बाद उसकी पत्नी से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने गुस्से में पत्नी और पिता पर हमला कर दिया। घटना के समय बुजुर्ग माता पहली मंजिल पर थीं और चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण बच गईं। मृतकों के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।

 

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी हीरा लाल को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। एडीसीपी ने कहा कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस घरेलू कलह और नशे को इस हत्याकांड की मुख्य वजह मान रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।