Pages

Pages

जालंधर में खूनी रिश्ता: पैसों के लिए बेटे-बहू ने पिता को तेजधार हथियार से काट डाला, हरगोबिंद नगर में सनसनी।

Director : Manvir Singh Walia 

Editor : Jatin Kumar Sahota 

जालंधर, 30 अगस्त : Prime Punjab 

जालंधर के हरगोबिंद नगर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पैसों के विवाद में एक बेटे ने अपनी पत्नी और साथी के साथ मिलकर अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान दलजीत सिंह पुत्र फकीर सिंह के रूप में हुई है, जो एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

 

जानकारी के मुताबिक दलजीत सिंह के बेटे सुखपाल सिंह ने रूही नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था, जिसका पिता विरोध करता था। इसी कारण पिता ने उसे घर से निकाल दिया था और सुखपाल अपनी पत्नी के साथ उसी इलाके में किराए पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि सुखपाल पहले दुबई गया था, वापस आने के बाद उसकी आर्थिक हालत खराब हो गई थी और वह अक्सर पिता से पैसे मांगता था, लेकिन पिता पैसे देने से मना कर देता था।

 

बीती रात सुखपाल अपनी पत्नी रूही और एक दोस्त के साथ पिता के घर पैसे मांगने पहुंचा। पैसे देने से मना करने पर दोनों में झगड़ा बढ़ गया और हाथापाई शुरू हो गई। गुस्से में आकर आरोपियों ने दलजीत सिंह के सिर पर तेजधार हथियार से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

सुचना मिलते ही थाना-8 के प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतक के बेटे सुखपाल, बहू रूही और उसके साथी के खिलाफ BNS की धारा 103 और 3(5) के तहत हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और आस-पास के CCTV खंगाले जा रहे हैं।