Pages

Pages

राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले कांग्रेस में दरार! चन्नी के बयान से सियासी हलचल तेज, एकजुटता पर उठे सवाल।

जालंधर, 31 अगस्त : Prime Punjab 

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में अमृतसर में रखड़ पुन्नियां के मौके पर कांग्रेस के मंच से ही गुटबाजी खुलकर सामने आई थी, जहां पंजाब प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग गुट मंच से नदारद रहा। अब राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर भी एकजुटता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

दरअसल, जालंधर में डीसी दफ्तर में अधिकारियों से मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व सीएम और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी से जब राहुल गांधी के दौरे पर कांग्रेस की एकजुटता को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस पर अभी कोई फैसला नहीं लिया जा सकता। उनके इस बयान के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि राहुल गांधी के दौरे के दौरान भी पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ सकती है।

 

वहीं, चन्नी ने इस दौरान भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद रामलीला मैदान के मंच का शुद्धिकरण करने पर भाजपा को घेरा। चन्नी ने कहा कि भाजपा ने मंच को धोकर कहा कि वह भ्रष्ट हो गया था, यह दलितों के खिलाफ उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा कब तक SC, दलित और पिछड़े वर्ग पर इस तरह प्रहार करती रहेगी।

 

चन्नी ने आरोप लगाया कि भाजपा डॉ. बीआर अंबेडकर को भी कोसती है और जब राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाया तो उन पर ही FIR दर्ज कर दी गई। उन्होंने कहा कि FIR तो भाजपा नेताओं पर होनी चाहिए थी। उन्होंने राहुल गांधी पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग करते हुए इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि AI के जरिए गलत वीडियो बनाने की साजिश भी निंदनीय है।