Pages

Pages

सनटेक सिटी घोटाला: पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा फिर ED के सामने पेश नहीं हुए, अब 9 सितंबर को नया समन।

Director : Manvir Singh Walia 

Editor : Jatin Kumar Sahota

जालंधर, 07 सितंबर : Prime Punjab 

पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव और मौजूदा अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) अनुराग वर्मा आज 7 सितंबर को भी ED के जालंधर जोनल कार्यालय में पेश नहीं हुए। मोहाली के चर्चित सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स प्रा. लि. से जुड़े करीब 348 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन घोटाले में पूछताछ के लिए ED ने उन्हें तलब किया था। पेश न होने पर एजेंसी ने अब 9 सितंबर को पेश होने का नया समन जारी किया है।

 

यह दूसरा मौका है जब वर्मा जांच से गैर-हाजिर रहे हैं। इससे पहले 31 अगस्त को भी उन्हें बुलाया गया था, तब उन्होंने जरूरी दस्तावेज जुटाने के लिए समय मांगा था, जिसे ED ने मानते हुए 7 सितंबर की तारीख दी थी। जांच का फोकस इस बात पर है कि उनके हाउसिंग और शहरी विकास विभाग (HUDA) के प्रमुख रहते निजी बिल्डरों को फायदा पहुंचाने के लिए CLU और लेआउट की मंजूरी में नियमों को कैसे ताक पर रखा गया।

 

इस मामले में ED की कार्रवाई तेज हो गई है। इस घोटाले में एक अन्य वरिष्ठ IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ भी जांच के दायरे में हैं। बराड़ 18 अगस्त को अपना बयान दर्ज करा चुकी हैं और उन्हें 27 अगस्त को दोबारा समन भेजा गया था। एजेंसी मोहाली में सनटेक सिटी प्रोजेक्ट में अनियमितताओं और कथित मिलीभगत की कड़ियां जोड़ रही है।

 

सूत्रों के मुताबिक, ED ने इस केस में बिल्डरों और अधिकारियों के बीच लेन-देन और फाइलों की मूवमेंट को लेकर कई अहम सबूत जुटाए हैं। अगर 9 सितंबर को भी अनुराग वर्मा पेश नहीं होते हैं तो एजेंसी और सख्त कदम उठा सकती है।