अब हवाई यात्रा हो सकती है सस्ती! विमान ईंधन में इथेनॉल मिलाने की मिली मंजूरी।

Manvir Singh Walia

Jatin Kumar

जालंधर, 23अप्रैल : Prime Punjab

देशभर के हवाई यात्रियों के लिए खुशखबरी है। भारत सरकार ने विमानों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन, एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) में इथेनॉल के मिश्रण की आधिकारिक अनुमति दे दी है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के बाद, विमान अब पारंपरिक विमानन ईंधन के साथ इथेनॉल और अन्य सिंथेटिक हाइड्रोकार्बन के मिश्रण का उपयोग कर सकेंगे।

इस ऐतिहासिक निर्णय का सबसे महत्वपूर्ण प्रभाव हवाई किरायों पर पड़ने की उम्मीद है। विमानन ईंधन में इथेनॉल और सिंथेटिक ईंधन मिलाने से एयरलाइनों की परिचालन लागत कम हो जाएगी, जिससे निकट भविष्य में हवाई किरायों में कमी आने की संभावना है। यह निर्णय न केवल उपभोक्ताओं की जेब के लिए बल्कि पर्यावरण के लिए भी लाभकारी साबित होगा।

सरकार का उद्देश्य विमानों से होने वाले उत्सर्जन को कम करना है, जिससे भारत को अपने ‘नेट ज़ीरो’ लक्ष्य की ओर बढ़ने में मदद मिलेगी। स्वच्छ ईंधन के उपयोग से वायुमंडलीय प्रदूषण कम होगा और इसे ‘स्वच्छ ऊर्जा’ की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

अभी तक तो सरकार ने इथेनॉल मिश्रण के लिए कोई तत्काल समयसीमा निर्धारित नहीं की है। हालांकि, अब इस ईंधन को आईएस 17081 जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार मिश्रित किया जा सकता है।