Pages

Pages

लुधियाना में अंबेडकर प्रतिमा अपमान के विरोध में जालंधर बंद, बाजारों में पसरा सन्नाटा – चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात।

जालंधर, 10 सितंबर : Prime Punjab 

लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में आज जालंधर में दलित समाज ने बंद की कॉल दी है। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक के इस बंद का शहर में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। शहर के सभी मुख्य बाजार बंद हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। हालांकि गुरु नानक मिशन चौक पर कुछ शोरूम और डी-मार्ट स्टोर खुले देखे गए।

बंद को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर के सभी मुख्य चौकों पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। आयोजकों ने मेडिकल स्टोर, अस्पताल और एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी सेवाओं को बंद से बाहर रखा है। वहीं लोगों की परेशानी को देखते हुए नेशनल हाईवे को जाम न करने का फैसला लिया गया है।

इस बंद का आह्वान भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब और भीम क्रांति सेना ने किया है। संगठन के अध्यक्ष राजीव गोरा और गौरव वाल्मीकि ने बताया कि मुख्य धरना डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर दिया जा रहा है। रैनक बाजार समेत कई व्यापार मंडलों ने पहले ही बंद को अपना समर्थन दे दिया था। बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल-कॉलेज बंद नहीं करवाए गए, लेकिन एहतियात के तौर पर कुछ प्राइवेट स्कूलों ने खुद ही छुट्टी घोषित कर दी है।

गौरतलब है कि लुधियाना में अंबेडकर प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद से दलित समाज में भारी रोष है। लुधियाना में आज पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने दलित भाईचारे के साथ बैठक की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।